Google IO 2026: अब गूगल सर्च बनेगा AI सर्च, Gemini Omni से मिनटों में बनेंगे वीडियो

Google IO 2026 की शुरुआत के साथ ही टेक्नोलॉजी की दुनिया में AI का नया दौर शुरू होता दिखाई दिया। मंगलवार रात सुंदर पिचाई ने मंच पर आते ही ऐसे कई बड़े एलान किए, जिन्होंने साफ कर दिया कि आने वाले समय में गूगल सर्च, वीडियो क्रिएशन और स्मार्ट डिवाइसेस पूरी तरह बदलने वाले हैं। अब गूगल सर्च सिर्फ वेबसाइटों की लिस्ट नहीं दिखाएगा, बल्कि इंसानों की तरह बातचीत करके सीधे जवाब देगा। इसके अलावा Gemini Omni नाम का नया AI मॉडल टेक्स्ट और फोटो से पूरी वीडियो बना सकेगा। Smart Glasses, Ask YouTube और Gemini Spark जैसे फीचर्स ने यह साबित कर दिया कि Google IO 2026 सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि भविष्य की डिजिटल दुनिया की झलक है।

Google IO 2026: अब गूगल सर्च बनेगा AI सर्च, Gemini Omni से मिनटों में बनेंगे वीडियो

Google IO 2026: सुंदर पिचाई ने सुनाए AI के तगड़े आंकड़े

कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए सुंदर पिचाई ने बताया कि गूगल के AI ओवरव्यू को हर महीने 2.5 अरब से ज्यादा यूजर्स इस्तेमाल कर रहे हैं। 1 अरब से ज्यादा लोग AI मोड का फायदा उठा रहे हैं और गूगल नैनोबनाना पर 50 अरब से ज्यादा तस्वीरें बनाई जा चुकी हैं। यहां तक कि गूगल मैप्स में आस्क मैप फीचर भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इन आंकड़ों ने साफ कर दिया कि गूगल का फोकस अब पूरी तरह AI पर शिफ्ट हो चुका है।

गूगल सर्च अब बनेगा AI सर्च – बातचीत के अंदाज में मिलेगा जवाब

सबसे बड़ा बदलाव खुद गूगल सर्च में देखने को मिला। अब गूगल सर्च आपको सवालों के जवाब सीधे बातचीत के रूप में देगा। सर्च बॉक्स पहले से ज्यादा बड़ा और स्मार्ट हो गया है, जो आपकी बात के मुताबिक अपना साइज बदल लेता है। इसका मतलब यह कि अब आप सर्च बार में जाकर कोई कीवर्ड टाइप करके वेबसाइटों के लिंक नहीं खंगालेंगे, बल्कि गूगल से पूछेंगे और वह आपको पूरा उत्तर समझाकर देगा। कंपनी ने बताया कि इसमें इन्फॉर्मेशन एजेंट्स भी काम करेंगे जो किसी टॉपिक पर आपको लगातार अपडेट रखेंगे। यह फीचर सभी के लिए फ्री होगा और आज से ही रोल आउट शुरू हो गया है। ज़रूरत पड़ने पर सर्च खुद आपके सवाल के हिसाब से विजुअल और ग्राफिक्स बनाकर भी दिखाएगा, ताकि मुश्किल चीज़ें आसानी से समझ में आ सकें।

Gemini Omni: प्रॉम्प्ट से पूरी वीडियो तैयार, आज से ऐप पर उपलब्ध

Google I/O 2026 का दूसरा बड़ा आकर्षण रहा Gemini Omni. यह Gemini फैमिली का नया और सबसे ताकतवर मॉडल है, जिसे “वीडियो का नैनोबनाना” कहा जा रहा है। खासियत यह है कि आप कोई भी टेक्स्ट लिखें, कोई तस्वीर या वीडियो क्लिप दें, या इन तीनों का कॉम्बिनेशन दें – Gemini Omni उससे एक नई और डिटेल वीडियो बना देगा। इसका छोटा और तेज़ वर्जन “Gemini Omni Flash” आज से Gemini ऐप में पेड यूजर्स के लिए उपलब्ध कर दिया गया है। यह उन लोगों के लिए किसी गेम-चेंजर से कम नहीं है जो कंटेंट क्रिएशन, एजुकेशन या मार्केटिंग से जुड़े हैं।

Ask YouTube: किसी भी टॉपिक पर मिलेगा तैयार कंटेंट और सटीक टिप्स

कभी-कभी किसी टॉपिक पर जानकारी चाहिए होती है लेकिन लंबे-लंबे वीडियो देखने का टाइम नहीं होता। इसी परेशानी को हल करने के लिए Ask YouTube फीचर लाया गया है। यह एआई ओवरव्यू की तरह काम करता है। जब आप किसी विषय पर सर्च करेंगे, तो यह अलग-अलग वीडियो से जरूरी जानकारी निकालकर आपके सामने सारांश पेश करेगा। जरूरत पड़ने पर ही आपको वीडियो देखने की जरूरत होगी। सबसे पहले यह सुविधा अमेरिका में शुरू की जा रही है।

आंखों के सामने दिखेगी कैब डिटेल और लाइव ट्रांसलेशन

गूगल ने Android XR प्लेटफॉर्म के तहत इंटेलिजेंट आईवियर (स्मार्ट चश्मे) का डेमो भी दिखाया। इन चश्मों में आपको बुक की गई कैब की डिटेल्स, लाइव ट्रांसलेशन और दूसरी ज़रूरी नोटिफिकेशन सीधे आपकी आंखों के सामने दिख जाएंगी। खास बात यह कि इन्हें Gentle Monster और Warby Parker जैसे डिजाइनरों ने तैयार किया है, और ये एंड्रॉयड और iOS दोनों के साथ काम करेंगे। डेमो में दिखा कि Gemini को चश्मे से कमांड देने पर वह फोन के ऐप्स को कंट्रोल कर सकता है और पूरा काम निपटा सकता है।

Gemini Spark AI Agent क्या है?

Google ने ऑफिस और प्रोफेशनल काम को आसान बनाने के लिए Gemini Spark नाम का नया AI एजेंट पेश किया है। यह एक स्मार्ट पर्सनल असिस्टेंट की तरह काम करता है, जो Gmail, Docs और Slides के साथ सीधे इंटीग्रेट होकर ईमेल लिखने, मीटिंग नोट्स तैयार करने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने जैसे काम अपने आप कर सकता है। खास बात यह है कि यह क्लाउड बेस्ड AI सिस्टम है, इसलिए आपका लैपटॉप बंद होने के बाद भी यह बैकग्राउंड में काम जारी रखता है। Google का यह नया AI टूल ऑफिस वर्क ऑटोमेशन को पूरी तरह बदल सकता है।

कब से मिलेंगे सारे फीचर्स?

ज्यादातर एलान किए गए फीचर्स का रोलआउट आज से ही शुरू हो गया है। एआई सर्च और Gemini Omni Flash फिलहाल कुछ क्षेत्रों और पेड यूजर्स के लिए उपलब्ध हुए हैं, लेकिन आने वाले कुछ हफ्तों में ये दुनियाभर के यूजर्स तक पहुंच जाएंगे। Google I/O 2026 का दूसरा दिन 20 मई को भी जारी रहेगा, जहां एंड्रॉयड 17 और गूगल क्रोम से जुड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं। अगर आप तकनीक में रुचि रखते हैं तो ये Google I/O 2026 सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि आने वाले डिजिटल जीवन की तस्वीर है। फिर चाहे आप सर्च कर रहे हों, वीडियो बना रहे हों या चश्मे पहनकर जानकारी ले रहे हों – अब AI हर जगह आपके साथ होगा।

Leave a Comment